पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे को लेकर समस्तीपुर में बवाल, बिहार के डिप्टी CM विजय चौधरी पर करीबी के लिए रूट बदलने का आरोप

पूर्व सीएम नीतीश कुमार के भरोसेमंद बिहार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी पर करीबी की जमीन बचाने के लिए एक्सप्रेसवे का रूट बदलने का आरोप लगाया है.

पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे को लेकर समस्तीपुर में बवाल, बिहार के डिप्टी CM विजय चौधरी पर  करीबी के लिए रूट बदलने का आरोप
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना/ समस्तीपुर:  पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड को लेकर बिहार के समस्तीपुर में सरायरंजन ब्लॉक में एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. स्थानीय लोगों ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के भरोसेमंद बिहार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी पर करीबी की जमीन बचाने के लिए एक्सप्रेसवे का रूट बदलने का आरोप लगाया है.

आबादी वाले इलाके की ओर मोड़ा गया रुट

गुस्साए लोगों ने इसको लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर सूचना दी है. इस शिकायत में किसी एक व्यक्ति नहीं बल्कि 24 से अधिक दुकानदारों और मकान मालिकों ने सीधा आरोप लगाया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मूल रूट में बदलाव कर एक्सप्रेसवे को आबादी वाले इलाके की ओर मोड़ दिया गया है, जिससे 150 से अधिक घर, कई दुकानें और एक डिग्री कॉलेज प्रभावित हो सकते हैं.

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सरायरंजन से विधायक और डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने अपने रिश्तेदार के फायदे के लिए एक्सप्रेसवे के रास्ते में बदलाव किया है. डिप्टी सीएम ने अपने रिश्तेदार विनीत ईश्वर उर्फ बॉबी ईश्वर के लिए रुट बदला है...आरोप लगाया है कि एक्सप्रेसवे के लिए जो रूट शुरुआत में तय किया गया था इसमें बॉबी ईश्वर के परिवार की 10.5 बीघा जमीन आ रही थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि एक्सप्रेसवे के रास्ते में बदलाव के बाद करीब डेढ़ सौ घरों के टूटने की आशंका है. इसमें दर्जनों दुकानों सहित कई चीजें प्रभावित होंगी. वहीं इसमें 65 साल पुराना केदार संत रामाश्रय कॉलेज भी चपेट में आने वाला है.

किसी भी तरह का राजनीतिक दवाब नहीं- Dy cm 

हालांकि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि उन्होंने किसी भी तरह का राजनीतिक दवाब नहीं डाला है. सरायरंजन मेरा परिवार है. यह NHAI को पता होगा की उसने रूट में बदलाव किया है या नहीं.  वहीं दूसरी तरफ विनीत ईश्वर ने बताया कि ऑथिरिटी ने जो नया रूट बनाया है उसमें भी उनकी 6 बीघा जमीन अभी भी आ रही है. अगर वह किसी भी नेता से प्रभाव डलवाते तो इस जमीन को भी बचा लेते.

सीएम सम्राट चौधरी ने दिया आश्वासन

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है....उन्होंने लोगों की चिंता को समझते हुए उन्होंने गंभीरता से मामले को देखने का आश्वासन दिया है.

इस एक्सप्रेस वे की अगर बात की जाए तो यह 244.93 किलोमीटर लंबा है और 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है. इससे पटना-पूर्णिया का सफर सुगम और तेज हो जाएगा. यह एक्सप्रेसवे मधेपुर, वैशाली और समस्तीपुर जैसे जिलों से होकर गुजर रहा है. जिसके लिए 90 मीटर चौड़ा कॉरीडोर भी बनेगा और 140 छोटे पुल, 21 बड़े पुल और 9 रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाएंगे. इस एक्सप्रेसवे की खासियत यह होगी की पटना के 8 घंटे के सफर को यह महज 4 घंटे में समेट देगा.